Uncategorized

अभियान सिर्फ अपराधियों के लिए, सही लोगों को डरने की जरूरत नहीं : एसपी

पीलीभीत पुलिस ने गोष्ठी कर सिख समुदाय की शंकाओं को दूर किया

पूरनपुर। नगर के ब्लॉक रोड स्थित गुरुद्वारा श्री गुरू सिंह सभा में जिले के पुलिस कप्तान अविनाश पांडेय ने समन्वय गोष्ठी का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने साफ कहा कि पुलिस की कार्रवाई सिर्फ अपराधियों के खिलाफ है। सही लोगों को डरने की जरूरत नहीं है।                        यह बैठक हाल की घटनाओं के बाद सिख समुदाय की चिंताओं को दूर करने के लिए आयोजित की गई। ध्यान रहे पिछले दिनों पंजाब पुलिस के साथ संयुक्त अभियान में तीन आतंकवादियों का एनकाउंटर किया गया था। इन पर पंजाब में पुलिस चौकी पर हैंड ग्रेनेड से हमला करने का आरोप था। जांच में फर्जी पासपोर्ट और वीजा रैकेट का भी खुलासा हुआ। दूसरी ओर डंकी रास्तों से अमेरिका गए भारतीयों को डिपोर्ट के बाद पुलिस प्रशासन जागा और विदेश भेजने के नाम पर फर्जी दस्तावेज बनाने वाले आईलेट संचालकों के खिलाफ अभियान शुरू किया गया। जिसमें जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में 112 अभियोग दर्ज किए गए और एक दर्जन से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। एनकाउंटर में मारे गए तीनों आरोपी और फर्जी दस्तावेज गिरोह के अधिकतर सदस्य सिख समुदाय से थे। कुछ लोगों ने इसे समुदाय विशेष के खिलाफ कार्रवाई का रूप देना शुरू कर दिया था। जिसको लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म था। जिस पर आज पुलिस अधीक्षक ने विराम लगा दिया।  एसपी ने गुरुद्वारे में बैठक के दौरान स्पष्ट किया कि पुलिस की कार्रवाई सिर्फ अपराधियों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि सही लोगों को डरने की जरूरत नहीं है। उन्होंने 23 दिसंबर की मुठभेड़ और कौशांबी में हुई आतंकवादी की गिरफ्तारी की जानकारी भी साझा की। एसपी ने सिख समुदाय को खुराफाती तत्वों और अवैध गतिविधियों से दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने प्रोजेक्टर के माध्यम से लोगों को विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान सभी ने अपनी बात रखी व शंकाओं को दूर किया।  बैठक में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रांतीय उपाध्यक्ष हंसराज गुलाटी ने इस मामले में पुलिस कार्य प्रणाली की सराहना की। गोष्ठी में  नगर पालिका अध्यक्ष शैलेंद्र गुप्ता, सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी,कोतवाली प्रभारी नरेश त्यागी, थाना प्रभारी माधोटाडा अशोक पाल, उद्योग व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष हाजी मोहम्मद जाहिद खां , विजय पाल विक्की, सोनू छीना, स्वराज सिंह, बलजीत सिंह खैरा, बलजिंदर सिंह, गुरदास सिंह, प्रगतिशील अधिवक्ता एसोसिएशन के अध्यक्ष अमिताभ मिश्रा, सर्राफा एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय गुप्ता सहित सैकड़ों संभ्रांत नागरिक मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!